विनिसियस जूनियर एल-क्लासिको में गोल करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी, मेसी का 14 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा

स्पेनिश फुटबॉल लीग ‘ला लिगा’ में रविवार को रियाल मैड्रिड ने बार्सिलोना को 2-0 से हरा दिया। दोनों टीमों के बीच खेले जाने वाले मैच को एल-क्लासिको कहा जाता है। रियाल मैड्रिड के विनिसियस जूनियर एल-क्लासिको में गोल करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने बार्सिलोना के लियोनल मेसी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अभी विनियसियस की उम्र 19 साल 233 दिन है। जबकि मेसी ने मार्च 2007 में गोल किया था। तब उनकी उम्र 19 साल 259 दिन थी। इस मैच में मेसी ने हैट्रिक भी की थी।


विनिसियस ने मैच के 71वें और मारियानो ने 92वें मिनट में गोल किए। बार्सिलोना ने रियाल पर कई हमले किए, लेकिन वो गोल पोस्ट भेदने में कामयाब नहीं हुई। दूसरा गोल करने वाले मारियानो डियाज इंजरी टाइम के बाद मैदान में लौटे थे। उन्होंने जबरदस्त गोल किया। मारियानो स्पेनिश लीग में रियाल मैड्रिड करने वाले डोमिनिक रिपब्लिक के पहले खिलाड़ी भी बन गए।


पिछले सप्ताह तक बेंच पर थे विनिसियस
ला लिगा में विनिसियस का यह इस सीजन का दूसरा गोल है। वे चैम्पियंस लीग और कोपा लीग में गोल कर चुके हैं। खास बात ये है कि इस सीजन की शुरुआत में उन्हें मैदान पर उतरने का मौका नहीं मिला। एडन हैजार्ड पिछले हफ्ते घायल हुए तब विनिसियस टीम में आए। रियाल मैड्रिड अब ला लिगा में पहले पायदान पर पहुंच गई है। जीत के बाद रियाल के मैनेजर जिनेडिन जिडान ने कहा, “हमारे लिए यह हफ्ता बहुत मुश्किल रहा। हम जीतने की कोशिश कर रहे थे और ये मौका रविवार को मिला।”